हरदा। बीती रात शहर के एक होटल में कार्यक्रम के दौरान विधायक अभिजीत शाह के पीए अर्पण ठाकुर के साथ भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं ने झूमाझटकी कर मारपीट की। देर रात सिटी कोतवाली में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध मारपीट गाली गलौज एस सी एसटी के तहत केस दर्ज कर लिया गया। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे भी थाने पहुंचे थे।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार रात को टिमरनी के कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह उनके विशेष सहायक अर्पण ठाकुर सावणे हवेली गार्डन में एक शादी समारोह में पहुंचे थे।
इस दौरान भाजपा के तीन कार्यकर्ता, सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट को लेकर विधायक के पीए अर्पण ठाकुर से उलझ गए ।
इधर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच में अच्छी खासी झूमाझटकी भी हुई है।
घटना के बाद विधायक अभिजीत शाह और उनका विशेष सहायक हरदा कोतवाली थाने पहुंचे । जहां विधायक के निजी सचिव अर्पण ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने तीन भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया ।
कोतवाली टीआई प्रहलाद मस्र्कोले ने बताया कि विधायक अभिजीत शाह के विशेष सहायक की रिपोर्ट पर विजय कुशवाह निवासी,जिनवानिया सिराली, विजय जादम मुंडासेल और दीपक गौर,पिपलिया सिराली के विरुद्ध धारा 296, 152(2) 126(2) 351(2) 2 (3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
हरदा विधायक रामकिशोर दोगने भी रात में 1:30 बजे के लगभग थाने पहुंचे। झगड़ा, फेसबुक पर उल्टे सीधे कमेंट्स करने को लेकर हुआ है।
इधर आज सुबह पूर्व विधायक संजय शाह भी सिटी कोतवाली थाने पहुंचे जहां प्रकरण के बारे में जानकारी ली।