Saturday, September 27, 2025

हरदा पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों एवं प्रस्तावित VIP भ्रमण की तैयारी हेतु बलवा मॉक ड्रिल आयोजित की गई

रिपोर्ट तरुण सराफ 
आज दिनांक 27 सितम्बर 2025 को पुलिस लाइन हरदा में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आगामी त्यौहारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संभावित VIP भ्रमण की दृष्टि से बलवा नियंत्रण मॉक ड्रिल (Riot Control Rehearsal) आयोजित की गई।

ड्रिल में निम्न पुलिस बल सम्मिलित रहा—
 • **DSP – 04
 • थाना प्रभारी (TI) – 07
 • उपनिरीक्षक (SI) – 08
 • सहायक उपनिरीक्षक (ASI) – 10
 • प्रधान आरक्षक/आरक्षक – 82
 • महिला आरक्षक – 05**
कुल बल – 116 अधिकारी / कर्मचारी

अति पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में सभी अधिकारियों एवं जवानों को टियर गैस, ग्रेनेड आदि म्यूनेशन का अभ्यास गैस गन एवं मल्टी लांचर के माध्यम से कराया गया।

ड्रिल के दौरान सभी SDOP एवं थाना मोबाइल वाहन चेक किए गए जो संतोषजनक पाए गए।

साथ ही आर्म्स शाखा में उपलब्ध समस्त शस्त्रों का निरीक्षण भी किया गया, जो पूर्ण रूप से सक्रिय एवं उपयोग हेतु तैयार पाए गए।

पूरे अभ्यास के दौरान कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई तथा मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Wednesday, September 24, 2025

मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर की चालानी कार्यवाही 22 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक विशेष चेकिंग अभियान

रिपोर्ट तरुण सराफ 
शासन के निर्देशानुसार हरदा जिले के विभिन्न मार्गाे पर 22 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक विशेष चेकिंग अभियान आयोजित कर वाहनो को चेक किया जा रहा है। जिला परिवहन अधिकारी राकेश अहाके ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान बकाया कर, बिना पंजीयन, अस्पष्ट रूप से पंजीयन क्रमांक अंकित होने, बिना बीमा, बिना पीयूसी, बिना फिटनेस और बिना परमिट के संचालित यात्री बस, स्कूल बस, ऑटो रिक्शा एवं लोडिंग वाहन, डम्पर वाहनो की चेंकिग की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान बसों व अन्य वाहनों को चेक किया गया। कार्यवाही के दौरान 4 यात्री बसों को बगैर परमिट, बिना व्हीएलटीडी, बिना एसएलडी एवं अन्य 10 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 21 हजार रूपये समन शुल्क वसूल किया गया। इस दौरान वाहन चालको को नियमों का पालन करते हुए वाहन संचालन की हिदायत दी गई।

Tuesday, September 23, 2025

छीपाबड पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट तरुण सराफ 
थाना छीपाबड में दिनांक 20.09.2025 को सूचना प्राप्त हुई की ग्राम खिरकिया कुड़ावा रोड़ अखिलेश राजपूत के खेत के पास नाले के किनारे पानी में एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई । सूचना की तस्दीक पर तत्काल छीपाबड पुलिस मौके पर पहुंचीं । तस्दीक करने पर मृतक की पहचान मोरसिंह पिता मनोहरसिंह सिसोदिया उम्र 35 साल निवासी ग्राम गरबड़ी थाना किल्लोद जिला खण्डवा का होना पाया गया । हेमन्त पिता भगवानसिंह राजपूत निवासी कुड़ावा की सूचना पर मर्ग क्र. 59/25 धारा 194 बीएनएसएस का कायम कर जांच की गयी । मर्ग की सम्पूर्ण जांच पर पाया गया कि मृतक मोरसिह सिसोदिया निवासी गरबडी की किन्ही अज्ञात व्यक्तियो द्वारा शरीर मे गंभीर चोटे पहुचाकर हत्या की गई है एव साक्ष्य छिपाने की नियत से मृतक के शव को हत्या कर हाथ पैर बाँध कर कुडावा गांव के पास रोड के किनारे झाडियो मे नाले के उधले पानी मे फेंका गया है । उपरोक्त मर्ग जांच से प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाये जाने से धारा 103(1),238 बीएनएस का अज्ञात आरोपियो के खिलाफ पंजीबध्द कर विवेचना मे लिया गया । 
मृतक के भाई संतोष सिंह राजपूत निवासी गरबड़ी द्वारा अपने कथनो में मृतक के उसके गांव की महिला से अवैध संबंधों के चलते महिला के परिवार व रिस्तेदारो पर हत्या करने की शंका जाहिर करने से ग्राम गरबड़ी जाकर महिला व उसके पति से पूछताछ की गई जिनके द्वारा बताया गया कि मृतक मोरसिंह उनका पड़ोसी था जो महिला को परेशान करता था पति की अनुपस्थिती में कभी भी महिला के घऱ घुस जाया करता था इन्के द्वारा तथा इनके रिस्तेदारो द्वारा भी मृतक मोरसिंह के परिवार को उसकी हरकतो के संबंध में तथा घर में घुसने के संबंध में समझाईश दी गई थी किंतु उसके पश्चात भी मृतक के नही मानने पर मायाराम, उसकी पत्नी ने अपने रिस्तेदारों ध्यानसिंह निवासी अर्चना व शेरू उर्फ शेरसिंह निवासी रिछी थाना शिवपुर को बुलाकर योजना बनाकर मृतक मोरसिंह की हत्या कर दी । 
योजना अनुसार महिला द्वारा मृतक को पूर्व में ही घटना दिनांक को भाग चलने की बात बता दी गई थी दिनांक 18.09.2025 के रात्री 01 से 02 बजे के बीच जब मृतक मोरसिंह महिला को लेकर ग्राम गरबड़ी से निकला महिला को लेकर खिरकिया पहुच गया जहां महिला अपने रिस्ते की बुआ के घर मृतक को लेकर गई जहां तीनो आरोपी भी पहुचे व वही पर आरोपीयों ने मृतक मोरसिंह को पकड़कर उसके हाथ पैर व मुह बांधकर मोटर साईकिल पर बैठाकर कुड़ावा रोड़ पर नाले के पास ले जाकर दराते से गर्दन व गुप्तांगो पर वार कर उसकी हत्या कर दी व साक्ष्य छुपाने की नियत से शव को झाडियों में छुपा दिया । घटना करने के बाद मृतक की मोटर साईकिल आरोपी ध्यानसिंह व शेरसिंह ने ले जाकर रोशनी चौकी के ग्राम पटाजन के पास नदी में फेक दी थी । 
विवेचना के दौरान घटना स्थल तक जाने वाले रास्तो पर पड़ने वाले सीसीटीव्ही कैमरो की मदद ली गई एवं अन्य तकनिकी साक्ष्यो के आधार पर अंधे कत्ल की घटना का पुलिस द्वारा 48 घण्टे में पर्दाफाश किया गया । 
नाम गिरफ्तार आरोपीः-
  01. मायाराम पिता मुरारसिहं राजपूत उम्र 50 साल निवासी ग्राम गरबड़ी थाना किल्लोद जिला खण्डवा
  02. ध्यानसिंह पिता अजबसिंह राजपूत उम्र 45 साल नि. ग्राम अर्चना थाना शिवपुर जिला नर्मदापुरम
  03. शेरू उर्फ शेरसिंह पिता पर्वतसिंह राजपूत उम्र 45 साल नि. ग्राम रिछी थाना शिवपुर जिला नर्मदापुरम
  04. महिला

महत्तवपूर्ण भूमिकाः- थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान, उनि कमलसिंह ठाकुर, उनि संतोष श्रीवास्तव, सउनि के.के. दीक्षित, रंजीत पातुरकर, चंदन सिंह उईके, प्र.आर. 22 नीरज साहू, प्र.आर. 29 सईद खान, प्र.आर. 216 शांतिलाल कुमरे, आर. 376 सौरभ राजपूत, आर. 356 अशोक वाड़िवा, आर. 391 उदय सूर्यवंशी, आर. 225 आशीष खादीकर, आर. 361 सुनील शर्मा, आर. 118 हीरालाल, म.आर. 31 कल्पना, म.आर. चादनी, आर. चालक हेमुलाल जमरे, की रहीं ।

Sunday, September 21, 2025

सेवा पखवाड़ा के तहत ‘‘नमो’’ मैराथन दौड़ सम्पन्न


रिपोर्ट तरुण सराफ 
खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत रविवार को नमो मैराथन दौड़ का आयोजन किया। ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने बताया कि नमो मैराथन दौड़ का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी डी. एस. रघुवंशी, नगरपालिका उपाध्यक्ष अंशुल गोयल, बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, प्राचार्य संतोष यादव ने उपस्थित खिलाड़ियों को स्वच्छता की शपथ दिला कर तथा हरि झंडी दिखा कर किया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि घर के आसपास के वातावरण को साफ रखें, जिससे मौसमी बीमारियों से बचा जा सके। जिले को साफ सुथरा रखना हम सभी का कर्तव्य है। रैली में 150 से अधिक बालक, बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मैराथन में ब्लॉक समन्वयक सलमा खान, व्यायाम शिक्षक राजेश बिलिया, बीजेपी महिला मोर्चा उपाध्यक्ष पूजा शर्मा, महामंत्री प्रीती गहलोद सहित अन्य जनप्रतिनिधि व विद्यार्थी उपस्थित रहे। मैराथन में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर कन्या शाला की आनंदी सुनील, द्वितीय स्थान पर पूनम नेत्रराम तथा तृतीय स्थान पर पीहू संजय रही। इसी प्रकार बालक वर्ग में प्रथम स्थान उत्कृष्ट विद्यालय से करण सिंह राजपूत, दूसरा स्थान सूर्य प्रताप सुनानिया हाकी खिलाड़ी तथा तृतीय स्थान प्रहलाद राठौर ने प्राप्त किया।

नवरात्र के दौरान बेटी का जन्म होने पर सोमानी हॉस्पिटल में मिलेंगी निःशुल्क प्रसव सेवाएं

रिपोर्ट तरुण सराफ 
कलेक्टर सिद्वार्थ जैन ने रविवार को नगर के निजी चिकित्सालय सोमानी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान हॉस्पिटल संचालक शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन सोमानी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेरणा धमनानी अग्रवाल ने बताया कि नवरात्र के दौरान सोमानी हॉस्पिटल में बेटी का जन्म होने पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रसव सेवाएं निःशुल्क प्रदान की जावेंगी। परिवार में लाड़ली के आगमन पर यह सुविधा 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक निःशुल्क दी जावेगी। कलेक्टर ने इस घोषणा की सराहना करते हुए इसे बेटियों के हित में लिया गया अच्छा प्रयास बताया, महिलाओं का स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण हमारे परिवारों, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का आधार है, बेटियों के लिए की गई। यह पहल स्वागत योग्य है, अन्य निजी अस्पतालों को भी इसका अनुसरण करना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी.सिंह ने बताया कि हरदा जिले में स्वस्थ्य नारी, सशक्त परिवार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान नवरात्र पर सोमानी हॉस्पिटल के द्वारा की गई इस घोषणा से समाज में अच्छा संदेश पहॅुचेगा।

नवागत पुलिस अधीक्षक ने थानों का औचक निरीक्षण किया

रिपोर्ट तरुण सराफ 
नवागत पुलिस अधीक्षक श्री शंशाक द्वारा जिले के थानों का औचक निरीक्षण लगातार किया जा रहा है। पुलिस लाइन, थाना सिविल लाइन एवं रहटगाँव का निरीक्षण करने के उपरांत आज दिनांक 21.09.2025 को थाना छीपाबड़ का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना में संधारित गुंडा रजिस्टर, निगरानी रजिस्टर, वीसीएनवी (VCNV), गुम इंसान रजिस्टर, जप्ती माल रजिस्टर तथा जयराम रजिस्टर का अवलोकन कर उनकी अद्यतन स्थिति की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने, आमजन से संवेदनशील व्यवहार रखने तथा समय पर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और अनुशासन प्राथमिकता में रहेगा।
इस अवसर पर थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए रिकार्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा थाने के परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान थाना छीपाबड़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम कुडावा में अखलेश राजपूत के खेत के पास नाले में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे एवं घटनास्थल का मुआयना किया गया। मृतक की मृत्यु का कारण फिलहाल अज्ञात है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता और जनविश्वास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

बिजली के तार चोरी करने वाली गैंग को सिविल लाईन थाना पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार


रिपोर्ट तरुण सराफ हरदा
दिनांक 18/09/2025 को मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल कम्पनी दक्षिण ग्रामीण जिला हरदा के सहायक प्रबंधंक अरूण कुमार चंदेले व्दारा रिपोर्ट की गई कि दिनांक 11/09/25 से 18/09/25 के मध्य अज्ञात चोर व्दारा कुल 26 खम्बे 1.77 किमी 11 के.वी. लाईन के तार 63 केवी के खामापडवा केलनपुर के बीच मार्ग स्थित प्रेमदास भायरे के खेत के पास से नाले तक चोरी कर लिये गये है। सूचना पर थाना सिविल लाईन हरदा पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 319/2025 धारा 303 (2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक हरदा, शशांक व्दारा बिजली तार चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश प्रदान किये गये, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा शालीनी परस्ते के निर्देशन में थाना प्रभारी निरी रामसुमेर तिवारी व्दारा वरिष्ठ अधीकारीगणों के आदेश के पालन में थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियो की धरपकड़ हेतु टीमें गठित की गई।
थाना सिविल लाईन पुलिस टीम व्दारा घटना स्थल के आसपास के पहुंच मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज संकलित कर सर्चिग की गई साथ ही इस मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों के संबंध में साक्ष्य संकलित किए गए। इसी आधार पर घटना की दरमियानी रात्रि एक लोडिंग वाहन टाटा छोटा हाथी केलनपुर से सुखरास होते हुए हरदा आने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई।

इसी क्रम में अनुसंधान पतारसी करते लोडिंग वाहन का नंबर MP-47/L-0725 का ज्ञात होने पर वाहन संचालक ड्रीमलेंड कालोनी निवासी आदिल रजा खान पिता ईसराईल खान ज्ञात हुआ, इसकी धरपकड़ कर मिलने पर मनोवैज्ञानिक तरीके से पुछताछ पर अपने साथी धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले, अजीम खान, समीर खान के साथ मिलकर तार चोरी करना स्वीकार किया गया। इसी क्रम में पूर्व में विद्युत पोल लगाने वाली अधिकृत कंपनी में प्रायवेट ठेकेदारी (पेटी कांट्रेक्टर) करने वाले धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले की धरकपकड़ की गई, जिसे 25 फिट तक ऊचे विद्युत पोल पर चढ़कर कार्य करने का अभ्यस्त होकर घटना का मास्टर माईंट गैंग का सरगना होना पाया गया, इसी प्रकार पुलिस टीम व्दारा उक्त गैंग के अन्य सदस्य समीर खान तथा अजीम खान पिता अंसार कबाड़ी को पकड़ा गया जिसके गोदाम में चोरी किए गए बिजली के तारों के बंडल रखे होना बताने पर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अजीम खान के गोडाऊन से चोरी गए बिजली के तार मिलने पर जप्त करनें मे सफलता प्राप्त हुई है। साथ ही आरोपियों व्दारा घटना स्थल के समीप नाले किनारे छुपा कर रखे गए बिजली तार बंडलों को भी जप्त किया गया है। घटना में प्रयुक्त चार पाहिया लोडिंग वाहन नंबर MP-47/L-0725 आरोपी अजीमखान के कब्जे से, मोटरसायकल क्रं. MP-47/ZB-0663, मोटरसायकल क्रे. MP-47/ZC-8351 भी जप्त करने में सफलता प्राप्त हुई है।
चारों गिरफ्तारशुदा आरोपियों को माननीय न्यायालय हरदा के समक्ष प्रस्तुत किया गया। घटना का मास्टर माईन्ड व गैंग के सरगना धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले व आदील रजा खान का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया है, जिससे पूछताछ पर क्षेत्र की अन्य चोरी के संबंध में खुलाशा होने के संभावना है।

जप्त- बिजली के तारों के 10 बंडल, (कीमती 04 लाख करीबन)
लोडिंग वाहन नंबर MP-47/L-0725, मोटर सायकल क्रं. MP-47/ZB-0663, मोटरसायकल क्रं. MP-47/ZC-8351 कुल कीमती (05 लाख करीबन)
कुल माल 9,00,000/- रुपए

गिरफ्तार आरोपी 
(1) अजीमखान पिता अंसार खान उम्र 30 वर्ष निवासी खेड़ीपुरा हरदा
(2) आदिल रजा खान पिता इसराईल खान उम्र 30 वर्ष नि ड्रीमलैण्ड कालोनी हरदा
(3) धीरेन्द्र उर्फ धीरु नागले पिता लक्ष्मीनारायण नागले उम्र 27 वर्ष नि. रहटाखुर्द
(4) समीर खान पिता हसन खान उम्र 19 वर्ष नि. इमलीपुरा हरदा

सराहनीय भूमिका - थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी व टीम > उप निरी. प्रकाश सोलंकी, सउनि संजयसिंह ठाकुर, प्रआर 217 करण साहु, प्रआर 05 विजय प्रजापति, प्रआर 259 कमलेश आरक्षक 40 यश शर्मा, आरक्षक 80 अभिषेक तथा आरक्षक 225 सचिन, की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Saturday, September 20, 2025

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने हरदा व बावड़िया पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की

रिपोर्ट तरुण सराफ 
भारत सरकार के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को हरदा व बावड़िया पहुंच कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। कृषि मंत्री ने ग्राम बावड़िया में राजेंद्र सिंह राजपूत के निवास पर पहुँचकर उनके पिता स्वर्गीय दयाराम राजपूत एवं हरदा के धरंजय इनानिया की माता स्वर्गीय भगवती बाई इनानिया के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
*केंद्रीय मंत्री ने लगाया कदम का पौधा*
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बावड़िया में संक्षिप्त प्रवास के दौरान पूर्व मंत्री कमल पटेल, पूर्व विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गहलोत के साथ कदम का पौधा भी लगाया।

Friday, September 19, 2025

पशुओं की सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने हेतु कलेक्टर ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया

रिपोर्ट तरुण सराफ 
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सिद्धार्थ जैन ने पशुओं की सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने एंव लोक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। जारी आदेश अनुसार कोई भी व्यक्ति या पशुपालक द्वारा अपने गौवंश या अन्य मवेशियों को जानबूझकर अथवा उपेक्षापूर्वक सार्वजनिक सड़क अथया स्थान पर खुला छोड़ा जाता है तो संबंधित पशु पालक के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी। पशुपालक गौवंश व मवेशियों को अपने घर में बांध कर रखें यह सुनिश्चित हो, इस हेतु राजमार्गों एंव मुख्य सड़क मार्गाे के आस-पास के गावों में स्थानीय निकाय द्वारा मुनादी करायी जाये।
जारी आदेश अनुसार किसी भी पशु पालक के द्वारा बीमार, रोगग्रस्त, विकलांग गौवंश या मवेशियों को किसी मार्ग सड़क पर नहीं छोडा जा सकेगा। यदि ऐसा करना आवश्यक हो, तो संबंधित स्थानीय निकाय से सम्पर्क कर गौवंश को गौशाला संचालक को सौंपा जाये। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, मध्यप्रदेश रोड डेव्हलपमेंट कार्पाेरेशन, कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना द्वारा निर्मित सड़कों पर घुमन्तु गौवंश या मवेशियों के विचरण पर प्रतिबंध लगाने हेतु पूर्ण उत्तरदायित्व सडक निर्माण विभाग का होगा। संबंधित सड़क निर्माण विभाग सतत पेट्रोलिंग की कार्यवाही पूर्ण करते हुए पशुओं के तत्काल निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, साथ ही घायल पशुओं के ईलाज हेतु उप संचालक, पशुपालन एंव डेयरी विकास, हरदा से सम्पर्क कर तत्काल चिकित्सीय व्यवस्था उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करेंगें।
जारी आदेश अनुसार कोई भी व्यक्ति सड़कों पर मृत अवस्था में मिले गौवंश या मवेशियों की सूचना जिला कंट्रोल रूम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के आपातकालीन नंबर 1033 एवं संचालित पशु चिकित्सा इकाई के टोल फ्री नंबर 1962 पर दे सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223, पशु क्रूरता अधिनियम 1960 एवं मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 (यथा संशोधित 2022) की धारा 254 में वर्णित प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जाएगी।

Thursday, September 18, 2025

यातायात नियमों की जानकारी एवं जनजागरूकता हेतु यातायात पुलिस हरदा का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

*अभियान के तहत जिले में 331 चालकों पर कार्यवाही कर 128400 रुपये समन शुल्क वसूल किया* 

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पीटीआरआई, पुलिस मुख्यालय के आदेश के पालन में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस जिला हरदा द्वारा पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में चालानी कार्यवाही के साथ-साथ यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज यातायात थाना प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, हरदा में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए।
थाना प्रभारी द्वारा भारत सरकार की निम्नलिखित महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी गई –
• राहवीर योजना : सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर जान बचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
• कैशलेस उपचार योजना : सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का उपचार ₹1.5 लाख तक निःशुल्क कराया जाएगा।
• हिट एंड रन प्रतिकर योजना : अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर गंभीर घायल को ₹50,000 तथा मृतक के परिजनों को ₹2,00,000 की अनुग्रह राशि सरकार द्वारा दी जाती है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में प्र.आर. महेश शर्मा ने विद्यार्थियों को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। छात्रों ने यातायात नियमों के महत्व को समझते हुए यातायात अनुशासन का पालन करने का संकल्प लिया।
विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 18.09.2025 को सम्पूर्ण जिले के विभिन्न थानों द्वारा 331 वाहनों पर चालान कर ₹1,28,400/- समन शुल्क वसूल किया गया।

Friday, September 12, 2025

हरदा पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई की बेटी बनी डिप्टी कलेक्टर


रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा जिले के थाना हंडिया में पदस्थ एएसआई देवकरण उइके की पुत्री शिवानी उइके ने। कड़ी मेहनत और लगन के बलबूते उन्होंने राज्य सेवा परीक्षा में सफलता अर्जित कर डिप्टी कलेक्टर का पद हासिल किया है।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। एक पुलिसकर्मी की बेटी द्वारा प्रशासनिक सेवा में चयनित होना न सिर्फ परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बन गया है।
शिवानी उइके सहित पूरे परिवार को गांव और शहर से शुभकामनाएं व बधाइयां मिल रही हैं। हर कोई इस उपलब्धि को संघर्ष और समर्पण की मिसाल बता रहा है।

पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार के साथ ही जिलेवासियों में खुशी की लहर है। साधारण परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुँचना न सिर्फ गर्व की बात है, बल्कि अन्य युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा भी है।

बाढ़ आपदा रेस्क्यू प्रशिक्षण के तहत हंडिया में मॉकड्रिल आयोजित


रिपोर्ट तरुण सराफ 
आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण एवं होमगार्ड द्वारा जिले में बाढ़ आपदा राहत, खोज एवं बचाव तकनीकी विषय पर प्रशिक्षण देने के कार्यक्रम के तहत जिले के हंडिया में नर्मदा नदी तट पर मॉकड्रिल आयोजित की गई। मॉकड्रिल के दौरान डिस्ट्रिक कमाण्डेंट होमगार्ड इन्दल उपनारे एवं प्लाटून कमाण्डर जे.एल. कोठारी के निर्देशन में बाढ़ आपदा के दौरान राहत, खोज एवं बचाव के संबंध में संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

Thursday, September 11, 2025

आपदाएं कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आती आपदाओं से निपटने के लिये हमेशा तैयार रहने की जरूरत

रिपोर्ट तरुण सराफ 
आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण एवं होमगार्ड द्वारा जिले में आपदा प्रबन्धन क्षमता वृद्धि पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य रूप से बाढ़ आपदा, राहत खोज एवं बचाव तकनीकी के संबंध में राहत व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं डिस्ट्रिक कमाण्डेंट होमगार्ड इन्दल उपनारे ने मौजूद रहकर आपदा प्रबन्धन पर महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में आपदा प्रबन्धन से जुड़े जिला होमगार्ड व एसडीईआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि आपदाएं कभी पूर्व सूचना देकर नहीं आती। आपदाएं प्राकृतिक एवं मानवजनित हो सकती हैं। इनसे जनधन की हानि होती है। आपदाओं से निपटने के लिये प्रशासनिक रूप से सभी की जरूरत होती है। आपदा के पूर्व, आपदा के दौरान एवं आपदा के पश्चात की तैयारियों की सभी को जानकारी होना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यशाला में बाढ़ आपदा राहत, खोज एवं बचाव तकनीकी पर विशेष प्रशिक्षण तथा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर आपदा उपकरणों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके अलावा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने की भी जानकारी दी गई। प्लाटून कमाण्डर जे.एल. कोठारी द्वारा सम्पूर्ण प्रशिक्षण का समन्वय किया गया।

Wednesday, September 10, 2025

अधिक किराया वसूलने पर यात्री बसों पर की चालानी कार्यवाही

रिपोर्ट तरुण सराफ 
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर हरदा जिले के विभिन्न मार्गाे पर विशेष चेकिंग अभियान आयोजित कर वाहनो को चेक किया जा रहा है। जिला परिवहन अधिकारी राकेश अहाके ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान बकाया कर, बिना पंजीयन, अस्पष्ट रूप से पंजीयन क्रमांक अंकित होने, बिना बीमा, बिना पीयूसी, बिना फिटनेस और बिना परमिट के संचालित यात्री बस, स्कूल बस, ऑटो रिक्शा एवं लोडिंग वाहन, डम्पर वाहनो की चेंकिग की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान बसों व अन्य वाहनों को चेक किया गया। कार्यवाही के दौरान 3 यात्री बसों व 5 लोडिंग वाहनों पर मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने पर चालानी कार्यवाही की गई। इस दौरान 12500 रूपये समन शुल्क वसूल किया गया एवं 1 बस को जप्त कर जिला परिवहन कार्यालय में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया। इस दौरान वाहन चालको को नियमों का पालन करते हुए वाहन संचालन की हिदायत दी गई।

Tuesday, September 9, 2025

हरदा पुलिस को मिला ISO 9001:2015 सर्टिफिकेट, जनसेवा में नई पहचान

रिपोर्ट तरुण सराफ
पुलिस अधीक्षक कार्यालय हरदा सहित , 02 एसडीओपी. कार्यालय एवं 09 थाने को ISO 9001:2015 सर्टिफिकेट पत्र हुआ प्राप्त
जिला हरदा पुलिस के इतिहास में 09 सितम्बर 2025 का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हुआ है। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय, एसडीओपी कार्यालय खिरकिया एवं टिमरनी सहित जिले के सभी प्रमुख थाने — कोतवाली, सिविल लाइन, टिमरनी, हंडिया, छीपाबड़, सिराली, रहटगाँव, महिला थाना एवं थाना यातायात — को अंतरराष्ट्रीय मानक ISO 9001:2015 प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
क्या है ISO 9001:2015 प्रमाणन
यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का गुणवत्ता प्रबंधन मानक है, जो किसी भी संस्था की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करता है। हरदा पुलिस को मिला यह प्रमाणन इस बात का प्रमाण है कि जिले की पुलिस व्यवस्था जनहितैषी, व्यवस्थित और समयबद्ध सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रमाण पत्र वितरण समारोह पुलिस कंट्रोल रूम, हरदा में आयोजित हुआ, जिसमें जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। 
पुलिस अधीक्षक कार्यालय का प्रमाण पत्र अभिनव चौकसे को प्रदान किया गया।
• एसडीओपी कार्यालय टिमरनी के लिये एसडीओपी आकांक्षा तलैया को प्रमाण पत्र दिया गया।
• एसडीओपी कार्यालय खिरकिया के लिये एसडीओपी रावर्ट गिरवाल को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
• थाना सिविल लाइन के लिये निरीक्षक संतोष चौहान को प्रमाण पत्र दिया गया।
• थाना छीपाबड़ के लिये निरीक्षक आर.पी. कवरेती को प्रमाण पत्र दिया गया।
• थाना टिमरनी का प्रमाण पत्र निरीक्षक रोशनलाल भारती को दिया गया।
• थाना कोतवाली के लिये उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम गौर को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
• थाना सिराली के लिये उपनिरीक्षक सीताराम पटेल को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
• थाना रहटगाँव के लिये उपनिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह को प्रमाण पत्र दिया गया।
• महिला थाना के लिये निरीक्षक अंजना पाटिल को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
• थाना यातायात के लिये सूबेदार उमेश ठाकुर को प्रमाण पत्र दिया गया।
इस अवसर पर अभिनव चौकसे ने कहा कि –
"ISO 9001:2015 सर्टिफिकेट हरदा पुलिस के लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनविश्वास को और मजबूत करने का संकल्प है। अब जिले की पुलिस और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवा देने के लिए तत्पर रहेगी।"

Monday, September 8, 2025

हरदा के नये एसपी बने श्री शशांक एसपी अभिनव चौकसे को पुलिस उपायुक्त, (जोन-3) नगरीय पुलिस भोपाल बनाया

रिपोर्ट तरुण सराफ 
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल रहा है. प्रदेश के कई सीनियर अधिकारियों को वर्तमान पोस्ट से हटाकर इधर से उधर किया गया है. मध्य प्रदेश गृह मंत्रालय द्वारा 20 आईपीएस अफहसों के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं. जिन अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, उनमें डीआईजी और एसपी शामिल हैं. वहीं नर्मदापुरम संभाग के तीनों पुलिस अधीक्षकों को भी हटा दिया गया है साथ ही हरदा जिले की कमान श्री शशांक को सौंपी गई है।

Sunday, September 7, 2025

क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य बने सुयोग सोनी

रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा। शहर के युवा समाजसेवी सुयोग सोनी को भारत सरकार के रेल मंत्रालय की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति का सदस्य नियुक्त किया है। उपमहाप्रबंधक जबलपुर व समिति के सचिव अनुराग पांडेय ने अगले दो साल के लिए उनकी नियुक्ति की है। सुयोग सोनी बैठकों में यात्री सुविधाओं को लेकर समय- समय पर अपने सुझाव देग। वे उपयोगकर्ताओं व रेलवे प्रशासन के बीच विचार भी देंगे उनकी नियुक्ति पर ईष्ट-मित्रों ने हर्ष जताया।

आत्महत्या की कोशिश कर रहा था युवक...पुलिस ने समय रहते बचाई युवक की जान


रिपोर्ट तरुण सराफ 
गणेश जी विसर्जन स्थल पैडीघाट में व्यवस्था ड्यूटी में लगे सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक राम सुमेर तिवारी यातायात प्रभारी उमेश ठाकुर व टीम द्वारा देखा गया कि एक व्यक्ति भीड़ से अलग होकर नदी के तेज बहाव की ओर पुराने पुल तरफ जा रहा है। उसकी दशा संदिग्ध लगने पर वॉच किया गया पुल के बीचो-बीच रेलिंग किनारे नदी में कूदने के लिए पैर लटका आत्महत्या करने के प्रयास करने लगा इसके पूर्व ही स्थिति भापकर सूबेदार उमेश ठाकुर व यशदीप सिंह द्वारा दौड़कर आत्महत्या करने वाले व्यक्ति के पास पहुंचकर उसे पुल से खींचा जाकर आत्महत्या करने से रोक लिया गया। इसके बाद युवक के फ़ोन से परिजनों से संपर्क कर उन्हें बुलाकर युवक को परिजनों को समझाइश देकर युवक को सुपुर्द किया गया  

पुलिस की सजकता व तत्परता से युवक की जान बचाई जा सकी।

Friday, September 5, 2025

तकनीकी शिक्षा विभाग में वर्षों से संस्था स्तर कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं ने शिक्षक दिवस के दिन 12 माह एक मुश्त वेतन, वरिष्ठता व स्थायित्व हेतु सांकेतिक प्रदर्शन किया

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पालीटेक्निक अतिथि विद्वान(व्याख्याता) संघ, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पस्टारिया ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया है कि तकनीकी शिक्षा विभाग के शासकीय पालीटेक्निक व इंजीनियरिंग कॉलेजों में वर्षों से कार्यरत संस्था स्तर अतिथि व्याख्याताओं को विभागीय आदेश 5.10.2023 व इससे संबंधित आदेशों में 11 माह प्रति दिवस की जगह प्रति कार्य दिवस मानदेय प्राचार्य महोदयो द्वारा दिया जाता है, एवं उच्च शिक्षा अतिथि विद्वानों को मिल रहे 12 माह मानदेय व मातृत्व अवकाश आदेश 5.10.2023 के अनुसार के लिए हम आज भी संघर्षरत है!

तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा 12 माह AICTE नियमानुसार एकमुश्त वेतनमान हेतु विभागीय प्रक्रिया विभागीय मंत्री, प्रमुख सचिव व आयुक्त द्वारा शुरू करायी गई है जिसके लिए लगभग 1 वर्ष होने को है लेकिन आज दिनाँक तक अंतिम रूप नहीं दे पाई है! 

अतः संस्था स्तर कार्यरत अतिथि व्याख्याताओं ने *शिक्षक दिवस के दिन शिक्षक ही परेशान है* को ध्यान में रखते हुए सांकेतिक प्रदर्शन कर लंबित विभागीय प्रक्रिया को पूरा करने हेतु 5 सितंबर को संभाग स्तरीय सांकेतिक प्रदर्शन किया है जिसमे बेतुल, हरदा, नर्मदापुरम, इटारसी, और पास से अन्य कॉलेज के अतिथि व्याख्याताओ ने हिस्सा लिया।

Thursday, September 4, 2025

अब हरदा में पुलिस बुलाने के लिए करना होगा डायल 112 हरदा जिले को मिले 8 नए वाहन

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे द्वारा डायल-112 वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी
जिला हरदा को मिले 08 नए डायल-112 वाहन, अब आपात सेवाएँ होंगी और भी सुलभ
पुलिस मुख्यालय भोपाल से हरदा जिले को 08 नए एफआरवी (डायल-112) वाहन प्रदाय किए गए हैं। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं चौकियों में आवंटित किया गया है। इसी क्रम में आज पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा , एसडीओपी. शालिनी परस्ते , उपपुलिस अधीक्षक (महिला सेल) अरूणा सिंह , प्रभारी कोतवाली रोशन लाल भारती , प्रभारी सिविल लाईन रामसुमेर तिवारी ,रनि. रजनी गुर्जर, यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर , एवं अन्य पुलिस अधिकारी /कर्मचारी उपस्थित रहे । 
पुलिस अधीक्षक ने वाहनों में उपलब्ध आधुनिक सुरक्षा व आपातकालीन उपकरणों का अवलोकन किया तथा उनके संचालन में निष्ठा, तत्परता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की साफ-सफाई एवं समय-समय पर उचित मेंटेनेंस पर भी बल दिया।
*नए डायल-112 वाहनों की प्रमुख खूबियाँ*
नए एफआरवी (डायल-112) वाहन आधुनिक तकनीक और उपकरणों से सुसज्जित हैं, जिनमें –
• जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम
• वायरलेस व संचार उपकरण
• फर्स्ट एड किट
• सायरन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम
• आधुनिक निगरानी उपकरण
• उच्च गति और सुरक्षित डिजाइन
इन सुविधाओं से पुलिस कंट्रोल रूम से वाहनों की रीयल टाइम निगरानी आसान होगी तथा घटनास्थल तक पुलिस की पहुँच और भी त्वरित हो सकेगी।
*पुलिस अधीक्षक की अपील*
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे ने जिले की जनता से अपील करते हुए कहा: “अब जिले की जनता डायल-112 पर कॉल करके पुलिस की त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती है। सड़क दुर्घटना, अपराध, आगजनी, महिला सुरक्षा अथवा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तुरंत डायल-112 नंबर का उपयोग करें। पुलिस हर समय आपकी सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। नागरिकों का सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Wednesday, September 3, 2025

5 हजार का ईनामी बलात्कार के फरार आरोपी को महिला थाना हरदा पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक, अरुणा सिंह महिला सुरक्षा हरदा, थाना प्रभारी महिला थाना हरदा व टीम बलात्कार के 03 माह से फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

दिनांक 07.06.2025 को नाबालिक पीड़ित द्वारा रिपोर्ट किया कि पीड़िता के घर के बाजू में आरोपी द्वारा बहला फुसलाकर शादी का लालच देकर उसके साथ गलत काम किया था पीड़िता को कुछ दिन पश्चात शासकीय अस्पताल हरदा में उपचार कराने पर चिकित्सक से ज्ञात हुआ कि पीड़िता गर्भवती है तब पीड़िता द्वारा परिजनों को घटना की सारी जानकारी दी। पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना हरदा में अप.क्र. 26/2025 धारा 64, 64(2) एम, बीएनएस, 5 (i)/6 पाक्सों एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान धारा 5j (ii)/6 पाक्सों एक्ट का ईजाफा किया गया। घटना दिनांक से आरोपी का फरार होने आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा इंचार्ज थाना प्रभारी उनि. माया सरलाम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित का गठन किया गया तथा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु 5000 रू. की ईनामी उद्घोषणा भी गई थी जो आरोपी की लगातार तलाश इंदौर, खंडवा, देवास, हरदा जिले के संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जाकर की गई जिसके फलस्वरूप आज दिनांक 03.09.2025 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को अबगांव कलां से गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर जेआर प्राप्त कर जेल दाखिल किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में इंचार्ज थाना प्रभारी उनि. माया सरलाम, उनि. रिपुदमसिंह चौहान, प्रआर. 155 राजेश मालवीय, प्रआर. 98 शेरसिंह पांसे, आर. 97 नरेंद्र नागवे की सराहनीय भूमिका रही ।

Tuesday, September 2, 2025

2 किलो गांजा के साथ 1 तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट तरुण सराफ 
थाना प्रभारी हँड़िया व उनकी टीम द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया
दिनांक 01/09/2025 को थाना हँड़िया पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान के तहत फोरलेन बायपास ब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ग्राम बागरूल की ओर से पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामदीन पिता कानसिंह राठौर (बंजारा), उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सेमरुड, थाना हरसूद, जिला खंडवा बताया। उसके पास रखे लाल-सफेद रंग के झोले की तलाशी लेने पर पारदर्शी पन्नी में रखा हल्के भूरे रंग का पदार्थ मिला, जो प्रथम दृष्टया गांजा प्रतीत हुआ। साक्षियों की उपस्थिति में मादक पदार्थ की पहचान सुंघकर, जलाकर एवं पूर्व अनुभव के आधार पर की गई। तत्काल विवेचना किट एवं इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगवाकर झोले सहित गांजे का वजन किया गया, जो कुल 2 किलो 100 ग्राम पाया गया। अनुमानित बाजार मूल्य ₹22,000/- आँका गया। आरोपी रामदीन को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 272/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

महत्वपूर्ण भूमिका – थाना प्रभारी उनि मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, सउनि महेश पासी, प्रआर 128 कंचन राजपूत, प्रआर 01 शंकर चौरे, प्रआर 63 जसमन लोवंशी, आरक्षक 309 हरिओम सैनिक 117 शिवम

जन्मदिन पर व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के बीच सहयोग की पहल

    धनगांव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सर्वोद्धार इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मध्य प्रदेश के प्र...