Saturday, January 31, 2026

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन में थाना सिविल लाईन द्वारा आज वायपास चौराहा, हनुमान मंदिर के पास यातायात जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राहगीरों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क संकेतों एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के संबंध में समझाइश दी गई।
इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी दायित्व नहीं है, बल्कि यह स्वयं एवं अन्य नागरिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यदि आमजन छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाएँ और यातायात नियमों का नियमित रूप से पालन करें, तो गंभीर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को भारत सरकार द्वारा संचालित “राहवीर योजना” की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने वाले राहवीर को शासन द्वारा सम्मानित किया जाता है एवं प्रोत्साहन राशि 25000 रूपये भी प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल सहायता हेतु प्रेरित करना है, ताकि गोल्डन आवर में उपचार मिल सके और अनमोल जीवन बचाया जा सके।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शालिनी परस्ते द्वारा भी राहवीर योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अपील की गई कि वे बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करें।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी सिविल लाईन रामसुमेर तिवारी, सहित थाना सिविल लाईन एवंम थाना यातायात का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान राहगीरों को यातायात नियमों एवं राहवीर योजना से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा नियमों के पालन एवं मानवीय सहायता हेतु प्रेरित किया गया।
जिला पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के यातायात जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जाएंगे।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत यातायात नियमों का पालन कराने थाना कोतवाली पुलिस द्वारा लोगों को वीडियो दिखाकर यातायात के नियमों से अवगत कराया

तरुण सराफ 
हरदा ।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत, विभिन्न स्थानों पर कोतवाली थाना पुलिस हरदा द्वारा वीडियो के माध्यम से आम जनता को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वीडियो में बिना हेलमेट, तेज गति, शराब पीकर गाड़ी चलाने और मोबाइल फोन के उपयोग जैसे खतरनाक व्यवहारों के दुष्परिणाम दिखाए गए।
वीडियो के माध्यम से मुख्य शिक्षाएं: हेलमेट और सीट बेल्टः दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चार पहिया में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य है।
यातायात नियमः ट्रैफिक सिग्नल का पालन करना, गति सीमा में रहना और सही लेन में वाहन चलाना आवश्यक है।
सावधानी: गाड़ी चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।

Friday, January 30, 2026

यातायात नियमों का पालन करने वालों को गुलाब का फूल देकर किया सम्मानित


रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक हरदा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में एवं एसडीओपी अनुभाग हरदा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली हरदा द्वारा मय थाना स्टाफ के सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज उड़ा ब्रिज, टिमरनी रोड के पास स्टॉपर लगाकर कैमरे के माध्यम से वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा राहवीर योजना के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश दी गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं की सुरक्षा हेतु यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें।

हरदा सिविल लाइन थाना पुलिस की कार्यवाही में अवैध मादक पदार्थ “MD” ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट तरुण सराफ 
अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स पकडने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है थाना सिविल लाईन हरदा में दिनांक 30/01/2026 की रात्रि में मुखबिर सूचना अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स विक्रय की प्राप्त होने पर थाना प्रभारी निरीक्षक आर. एस. तिवारी के नेतृत्व में टीम के सउनि सजंय ठाकुर , प्रआर 217 करण साहू, आर. 326 वीरेन्द्र राजपूत, सैनिक 139 सूरज पासी, सैनिक 46 संतोष ओझा व्दारा सूचना तस्दीक की गई जो भैरो बाबा मंदिर एलबीएस कालेज रोड हरदा पर मुखबीर व्दारा बताई गई एक फोर्ड फीगो कार क्रमांक एमपी 47 सीए 0628 संदिग्ध अवस्था में मिली जिसे चेक करते इसमे संदेही व्यक्ति मिला जिसका नाम हेमंत पिता दीपक सेन उम्र 25 साल निवासी झालवा का होना बताया। जिसकी जामा तलाशी में पारर्दशी पन्नी में एमडी ड्रग्स (MEPHEDRONE) कुल मात्रा 10.89 ग्राम कीमती करीबन 220000 रूपये मिले। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानो का पालन करते हुये आरोपी हेमंत के कब्जे से उक्त अवैध मादक पदार्थ को जप्त किया गया साथ ही घटना में प्रयुक्त फोर्ड फीगो कार क्रमांक एमपी 47 सीए 0628 कीमती 300000 रूपये व एक एप्पल कम्पनी का मोबाईल फोन विधिवत जप्त किया गया। कुल जप्ती माल का मूल्य 530000 रूपये आरोपी हेमंत से जप्त किया गया। आरोपी हेमंत से पूछताछ मेमोरेण्डम लिया गया जिसमें एमडी ड्रग्स ग्राम अजनास के विष्णु नाम के व्यक्ति से खरीदना बताया आरोपी हेमंत व विष्णु के विरूध्द थाना सिविल लाईन हरदा पर अपराध क्र 34/2026 धारा 08/22 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबध्द कर विवेचना में लिया जाकर आरोपी को माननीय न्यायालय प्रस्तुत किया गया जहा से जिला जेल हरदा भेजा गया।

सराहनीय योगदान - उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रामसुमेर तिवारी, सउनि सजंय ठाकुर, प्रआर 217 करण साहू, आर 326 वीरेन्द्र राजपूत, सैनिक 139 सूरज पासी, सैनिक 46 संतोष ओझा की विशेष भूमिका रही।

*नाम आरोपी* (1) हेमंत पिता दीपक सेन उम्र 25 साल निवासी झालवा थाना सिविल लाईन हरदा
(2) विष्णु निवासी अजनास थाना हंडिया 

*जप्त सामग्री*
एमडी ड्रग्स कुल मात्रा 10.89 ग्राम कीमती करीबन 2,20,000/- रूपये एक एप्पल कम्पनी का मोबाईल फोन कीमती 10,000/- रूपये एक फोर्ड फीगो कार क्रमांक एमपी 47 सीए 0628 कीमती 3,00,000 रूपये कुल जप्ती मशरूका 5,30,000 रूपये!

Wednesday, January 21, 2026

थाना सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई: दो शातिर चोर गिरफ्तार, 2 चोरी की वारदात का किया खुलासा

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक हरदा द्वारा अपराधों में प्रभावी कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए गए थे अति. पुलिस अधीक्षक हरदा, एसडीओपी हरदा के निर्देशन मे थाना प्रभारी निरीक्षक सिविल लाईन आर एस तिवारी द्वारा विवेचना टीम का गठन किया गया।
थाना सिविल लाइन की गठित टीम जिसमें सउनि संजय ठाकुर, प्रआर 217 करण साहू, प्रआर 05 विजय प्रजापति, आर. 326 वीरेन्द्र व आर. भगवान द्वारा त्वरित कार्यवाही कर शातिर चोर राहूल सेन उर्फ संजू सेन पिता सत्यनारायण सेन उम्र 34 वर्ष निवासी ग्वाल नगर हरदा एवं देवा उर्फ दांगी पिता धूमा बंजारा उम्र 28 वर्ष निवासी दुध डेयरी हरदा जो चोरी कि मोटर सायकल, मोबाईल और टेबलेट बेचने कि फिराक में अभिषेक ग्रीन बेली के आगे खड़े होने की सूचना पर घेराबंदी कर उक्त दोनो शातिर चोरो के पास से चोरी की मोटर सायकल, मोबाईल और टेबलेट कीमती करीबन 1,00,000/-रू. का जप्त कर दोनो आरोपियो को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया जहां से दोनो आरोपियो के न्यायालय के आदेश से जिला जेल हरदा निरूद्ध किया गया।

घटना का विवरण 
घटना नं-01
दिनाँक 19.01.26 को शाम 04.00 बजे फरियादी बलराम जाट निवासी ग्वाल नगर हरदा ने अपनी प्लेटिना मोटर सायकल से पेडीघाट हरदा पर फूल विसर्जन करने आये थे उसी दौरान उनकी प्लेटिना मोटर सायकल MP 47 MN 5391 कीमता 60,000/-रू. कि किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई घाना सिविल लाईन हरदा मे अपराध क्रमांक 24/26 धारा 303(2) BNS का कायम किया गया।

घटना नं. 02 -
दिनांक 20.01.2026 को रात्रि 04.00 बजे फरियादी अमन सैनी पिता संतोष सैनी उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम रेहटाखुर्द के घर में घुसकर अज्ञात चोरो द्वारा फरियादा को एंड्रायड मोबाईल कीमती 16,000/-रू. एवं एक टेबलेट सेमसंग कंपनी का कीमती 9000/-रू. का चोरी होने कि रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन हरदा में अपराध क्रमांक 25/26 धारा 305 (a), 331 (4) BNS का कायम किया गया।

Thursday, January 15, 2026

पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा मध्य रात्रि में जिले के 4 थानों का किया औचक निरीक्षण


Tarun Saraf 
पुलिस अधीक्षक जिला हरदा श्री शशांक द्वारा मध्य रात्रि में थाना सिविल लाईन, छिपाबड़, रहटगाँव एवं सिराली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन ड्यूटी, गश्त व्यवस्था,थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, हवालात एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का गहन निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा रात्रि में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा की समीक्षा की गई। उन्होंने थानों में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं एवं शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से शालीन व्यवहार, त्वरित कार्यवाही एवं संवेदनशील पुलिसिंग पर विशेष बल दिया एवं थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी संधारित करने वाले आंगतुक रजिस्टर का अवलोकन किया गया । मध्य रात्रि में किए गए औचक निरीक्षण से थाना स्तर पर अनुशासन, सतर्कता एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए ।

Tuesday, January 13, 2026

पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में कानून, यातायात, साइबर अपराध एवं नशा मुक्ति विषयों पर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्ट तरुण सराफ 
आज दिनांक 13 जनवरी 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय बहु-विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के अति. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), उप पुलिस अधीक्षक, जिले के सभी थाना प्रभारी, रक्षित निरीक्षक, उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक सहित कुल 100 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को नवीन आपराधिक कानून की जानकारी , यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा, सायबर अपराधों की रोकथाम, नशा मुक्ति, एम.एल.सी. प्रक्रिया एवं वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक एवं अद्यतन जानकारी प्रदान करना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में सत्र न्यायाधीश जिला हरदा अरविन्द रघुवंशी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह द्वारा नए आपराधिक अधिनियमों के संबंध में विधिक प्रावधानों, विवेचना की प्रक्रिया तथा न्यायालयीन कार्यवाही में बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
पूर्व रिटायर्ड अपर पुलिस अधीक्षक, पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय भोपाल एस.एस. लल्ली द्वारा यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण देते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने, प्रभावी यातायात नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
सायबर विशेषज्ञ श्री कुलदीप वर्मा द्वारा सायबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई तथा उनसे बचाव एवं रोकथाम के व्यावहारिक उपाय बताए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हरदा हरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा नशा मुक्ति अभियान, नशे के दुष्परिणाम एवं मेडिको लीगल केस (एम.एल.सी.) से संबंधित प्रक्रियाओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं वित्तीय विशेषज्ञ अखिलेश सोनी द्वारा वित्तीय प्रबंधन, शासकीय व्यय एवं वित्तीय अनुशासन पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी अतिथि वक्ताओं एवं प्रशिक्षण प्रदान करने वाले विशेषज्ञों को पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। 
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने एवं जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं व्यवहारिक बताया

Monday, January 5, 2026

कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव ने विराट हिन्दू सम्मेलन में चलाया जागरूकता अभियान

हरदा :पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव ने शहर में आयोजित कार्यक्रम में अपनी निश्शुल्क सेवाएं दी। रविवार को मां शारदा विद्या मंदिर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान कोशिश पर्यावरण सेवक टीम के मप्र प्रभारी व अन्य पर्यावरण सेवकों ने घंटों अपनी सेवाएं दी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को तांबे के लोटों से जलपान कराया गया। तांबे के लोटे से पानी पीने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि लोग जागरूक हो सकें। कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव के मध्यप्रदेश प्रभारी शांतिलाल सारन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद् व टीम के राष्ट्रीय प्रभारी खमुराम विश्नोई के नेतृत्व में पूरे जिले पर्यावरण संरक्षण व जागरूगता अभियान चलाए जा रहे हैं। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने के लिए लोगों से आह्वान किया गया। टीम के मप्र प्रभारी सारन ने लोगों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक मानव समाज तथा पर्यावरण के लिए जहर के समान है। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने जागरूक किया गया। पूरे कार्यक्रम को सिंगल यूज प्लास्टिक से पूरी तरह मुक्त रखा गया। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान टीम के मप्र प्रभारी शांतिलाल सारन विश्नोई, हरिदास झूरिया नीमगांव तथा विष्णु जानी नीमगांव ने निश्शुल्क सेवाएं दी।
टीम अपनी शर्त पर देती है सेवाएं :
टीम प्रभारी सारन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली उनकी टीम सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक सहित अन्य कार्यक्रमों में अपनी शर्तों पर पूरी तरह निश्शुल्क सेवाएं देती है। शर्त का उल्लेख करते हुए टीम प्रभारी ने कहा कि जो भी कार्यक्रम हो वह पूरी तरह नशे से मुक्त होना चाहिए, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए तथा जूठन मुक्त करने के लिए सहयोग करना चाहिए। टीम इन्हीं शर्तों पर किसी भी कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी निश्शुल्क सेवाएं देती है ताकि लोगों को प्रेरणा मिल सके।

तकनीकी शिक्षा विभाग में भी लागू होगा हरियाणा मॉडल अतिथि व्याख्याताओं को मिला आश्वासन

भोपाल - पॉलिटेक्निक अतिथि विद्वान संघ के अध्यक्ष ऋषभ पस्टारिया ने बताया कि मध्यप्रदेश के मा.मुख्यमंत्री द्वारा 11.09.2023 की महापंचायत घोषणा उपरांत उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग अतिथि विद्वान (व्याख्याताओं) को आदेश क्र. F-1-6/2020/ 42-1 भोपाल दिनांक 05.10.2023 के आदेश अनुसार निरंतर 11 माह, 2000/- रु प्रति कार्यदिवस एवं अधिकतम 50000/- रु मासिक वेतनमान पर अनुबंधित किया है। उसी समय से तकनीकी शिक्षा शिक्षा विभाग के अतिथि व्याख्याताओं के साथ असमानता, अन्याय और भेदभाव पूर्ण नीति और विसंगति को दूर करने हेतु आपको कई आवेदन दिए है, किन्तु वे विभागीय प्रशासनिक कार्यवाही के अभाव में आज भी लंबित है।

प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत चौरसिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल मंत्री के आवास पर पहुंचकर, मंत्री को तकनीकी शिक्षा विभाग में अतिथि व्याख्याताओं के हरियाणा मॉडल लागू करने के लिए मांगपत्र देते हुए, गुलदस्ता भेंट किया और उच्च शिक्षा विभाग में हरियाणा मॉडल लागू होने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस पर तकनीकी शिक्षा मंत्री द्वारा आश्वासन दिया गया कि जल्द ही तकनीकी शिक्षा विभाग में कार्यरत पॉलिट बनिक एवं इंजीनियरिंग अतिथि व्याख्याताओं के लिए समिति गठित कर, हरियाणा मॉडल लागू किया जाएगा।

संघ सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि तकनीकी शिक्षा विभाग में हरियाणा मॉडल लागू करने के लिए सभी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायकों द्वारा ज्ञापन सौंपकर कार्यरत अतिथियों द्वारा मांग की जा रही है। जिस पर कुछ जनप्रतिनिधियों के व्यक्तिगत टेलीफोन चर्चा में विभागीय मंत्री द्वारा शीघ्र ही हरियाणा मॉडल लागू करने की बात कही गई।

संयुक्त रूप से संघ प्रदेश महासचिव देवीदीन अहिरवार और कार्यकारी अध्यक्ष रविकांत खटीक ने मीडिया को अवगत कराते हुए कहा कि विभागीय मंत्री उच्च शिक्षा विभाग की भांति तकनीकी शिक्षा विभाग के 1500 अतिथि व्याख्याताओं को लाभान्वित करते हुए, उनके आश्रित परिवारों के प्रति संवेदना और दयादृष्टि बनाते हुए विसंगति दूर करने हेतु "हरियाणा राज्य सरकार के मॉडल" को लागू कर भविष्य सुरक्षित करते हुए सहानुभूति पूर्वक विचार करते है तो सभी अतिथि व्याख्याता मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री के आभारी रहेगा।

जन्मदिन पर व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के बीच सहयोग की पहल

    धनगांव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सर्वोद्धार इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मध्य प्रदेश के प्र...