Wednesday, December 24, 2025

हरदा में जैविक/प्राकृतिक उत्पाद हाट बाजार का शुभारम्भ



जिला मुख्यालय पर नेहरू स्टेडियम के गेट क्रमांक दो के समीप जैविक प्राकृतिक हाट बाजार प्रारम्भ किया गया है। यह हाट बाजार प्रति बुधवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक खुलेगा। यहाँ जैविक फल, सब्जी, अनाज, मसाले, जड़ी बूटी, शुद्ध घी, खाद्य तेल इत्यादि बाजिव कीमत पर उपलब्ध है। क्रय की गई सामग्री का क्यूआर कोड पर भी भुगतान किया जा सकता है।
*जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया शुभारम्भ*
टिमरनी के बाद हरदा में प्रारम्भ हुए साप्ताहिक जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार का बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, कृषि स्थाई समिति सभापति ललित पटेल, द्वारा शुभारम्भ किया गया। जैविक हाट बाजार में प्राकृतिक/जैविक उत्पाद के विक्रय हेतु 11 किसानों द्वारा स्टाल लगाये गये थे।
*कलेक्टर ने जैविक घी, छाछ एवं काले चने खरीदे*
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने इस हाट बाजार का अवलोकन कर यहाँ से जैविक घी, छाछ एवं काले चने खरीदे। उन्होने क्रय किये गये उत्पादों का ऑनलाइन भुगतान भी किया। इस दौरान उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे, उप संचालक पशु पालन विभाग अजय रामटेके, उप परियोजना संचालक (आत्मा) अखिलेश पटेल सहित अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक मौजूद थे।

हरदा में प्रत्येक मंगलवार जनसुनवाई आयोजित,आमजन अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला हरदा में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यह जनसुनवाई प्रत्येक मंगलवार प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में संपन्न होगी।

जनसुनवाई के दौरान आमजन अपनी शिकायतें, समस्याएं एवं सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

जिला पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस जनसुनवाई का लाभ उठाएं।

Friday, December 19, 2025

21 दिसंबर को नेहरू स्टेडियम के आसपास यातायात रहेगा परिवर्तित


रिपोर्ट तरुण सराफ 
दिनांक 21 दिसंबर 2025 को करणी सेना द्वारा शहर के नेहरू स्टेडियम में जन क्रांति आंदोलन प्रस्तावित है। उक्त आंदोलन में बड़ी संख्या में जनमानस के सम्मिलित होने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए नेहरू स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक भीड़-भाड़ की स्थिति उत्पन्न होना संभव है।
सामान्य नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इस उद्देश्य से यातायात पुलिस हरदा द्वारा निम्नानुसार यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है—
1.हरदा से छिपानेर की ओर जाने एवं आने वाले वाहनः- अस्पताल तिराहा - नई सब्जी मंडी मार्ग - प्रताप टॉकीज मार्ग - बायपास चौराहा- छिपानेर चौक का वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
2. खण्डवा की ओर से इंदौर की ओर आने जाने वाले वाहनों के लिये मार्गः- खेड़ीपुरा चौराहा -वायपास चौराहा - पुलिस लाईन हरदा - फोरलेन वायपास रोड़ – इंदौर  
3. खण्डवा की ओर से नर्मदापुरम बैतुल की ओर आने जाने वाले वाहनों के लियेः- खेड़ीपुरा चौराहा -वायपास चौराहा - पुलिस लाईन हरदा - फोरलेन वायपास रोड़ – नर्मदापुरम ,बैतुल की ओर । 
4. नर्मदापुरम , बैतुल की ओर से आने वाले वाहन उड़ा फोरलेन ब्रिज का उपयोग करते हुये छोटी हरदा ब्रिज से बजाज शोरूम-चित्रा ईमली तिराहा –वायपास चौराहा से खण्डवा रोड़ ।  
 यातायात पुलिस द्वारा समस्त वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की जाती है कि अनावश्यक रूप से नेहरू स्टेडियम क्षेत्र की ओर आने से बचें यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित किये जाने में सहयोग करें एवं किसी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात पुलिस थाना के फोन न. 07577-222104 पर संपर्क करें ।

Thursday, December 18, 2025

तकनीकी अतिथि व्याख्याताओ की मांगो का समर्थन कर मुख्यमंत्री से मिलवाने का दिया आश्वासन

तरुण सराफ 
पॉलीटेक्निक अतिथि व्याख्याता संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पस्टारिया के नेत्रत्व मे इटारसी और हरदा पॉलीटेक्निक के अतिथि व्याख्याताओ ने नर्मदापुरम विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा को अपना ज्ञापन सौप कर मुख्यमंत्री से मिलने का निवेदन किया। संघ की प्रमुख मांगो मे वर्तमान मे चल रही GATE भर्ती प्रक्रिया पर रोक, 12 माह और फिक्स वेतन तथा 65 वर्ष तक जॉब सुरक्षा, लगातार कार्यरत अतिथि को बाहर ना किया जाना, जैसी मांगे प्रमुख है। ऋषभ पस्टारिया ने बताया की हमारे कुछ साथी फालआउट तो कुछ 400/ पर कार्यरत है उनका विषय भी विधायक के सामने रखा गया जिस पर सीताशरण शर्मा ने कहा आप सभी की मांगे उचित है इसीलिए जल्द आप के डेलिगेशन को मुख्यमंत्री से मिलवा कर उनके सामने भी आप की बाते रखवा दी जायेंगी।"
ज्ञापन देने के समय नावेद अख्तर, अंकित मिश्रा, आशीष, पल्लवी, हेमलता और अन्य साथी उपस्थिति रहे।

Sunday, December 14, 2025

आमजन में सुरक्षा का भाव एवं असामाजिक तत्वों को संदेश देने निकाला गया फ्लैग मार्च

रिपोर्ट तरुण सराफ 
शहर में पुलिस की उपस्थिति को प्रभावी बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से हरदा में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा किया गया, एवं जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रशासनिक समन्वय को और सशक्त किया।
फ्लैग मार्च में जिला प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय के तहत जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के सभी थानों के थाना प्रभारी तथा लगभग 400 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना रहा कि जिला प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः तत्पर है।
फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम हरदा से प्रारंभ होकर नारायण टॉकीज, चांडक चौक, घंटाघर, जैसानी चौक, टांक चौराहा, परशुराम चौराहा, सब्जी मंडी, अंबेडकर चौराहा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम हरदा पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आम नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखें।

Friday, December 12, 2025

गैर मान्यता धारी झोलाछाप डॉक्टर्स पर कार्यवाही, चार क्लीनिक सील


तरुण सराफ हरदा 
 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह से प्राप्त जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग के दल ने शुक्रवार को नियमानुसार पंजीयन न होने एवं अपात्र व्यक्तियों द्वारा एलोपैथी की औषधियों का उपयोग करने तथा अन्य चिकित्सा पद्धतियों के उपयोग करने पर जिले की चार गैर मान्यताधारी क्लीनिक को सील करने की कार्यवाही की है। इस दौरान जानिब खान के द्वारा जहान मेडिकोज खेडीपुरा के अंदर छोटे से रूम में मरीजों को इंजेक्शन बॉटल लगाई गई, जिनके खाली रेपर टीम के द्वारा निरीक्षण के दौरान जप्त किये गये। जानिब खान से पंजीयन के दस्तावेज मांगे जाने पर वैध दस्तावेज उपलब्ध नही कराये गये। जिस पर कार्यवाही करते हुए टीम के द्वारा जानिब खान की क्लीनिक को सील किया गया। टीम के द्वारा ग्राम छिदगांव मेल में टी.के. बिस्वास के क्लीनिक का निरीक्षण के दौरान क्लीनिक मे छगनलाल पिता कृष्णा ग्राम बघवाड को सीने में दर्द होने पर बॉटल चड़ाई गई थी। टीम द्वारा पंजीयन के दस्तावेज मांगे जाने पर वैध दस्तावेज उपलब्ध नही कराये गये एवं क्लीनिक छोड़कर भाग गये। ग्रामीणों के समक्ष क्लीनिक को सील किया गया। इसी प्रकार एन.सी मंडल दवाखाना छिदगांवमेल के निरीक्षण के दौरान संबंधित से पंजीयन के दस्तावेज मांगे जाने पर वैध दस्तावेज उपलब्ध नही कराये गये, जिस पर कार्यवाही करते हुए टीम के द्वारा एन.सी.मंडल के क्लीनिक को सील किया गया। दिव्यांश मेडिकल स्टोर छिदगांवमेल के निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर के पीछे संबंधित द्वारा बाटल इंजेक्शन लगाई जाने की पुष्टी हुई। संबंधित से पंजीयन के दस्तावेज मांगे जाने पर वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये गये, जिस पर कार्यवाही करते हुए टीम के द्वारा दिव्यांश मेडिकल स्टोर छिदगांवमेल को सील किया गया। टीम द्वारा सभी को वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिये कहा गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि जिले में इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले में गैर मान्यताधारी बिना पंजीयन के चिकित्सा व्यवसाय करने वालों पर कार्यवाही करने के लिये टीम का गठन कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे।

Wednesday, December 10, 2025

कुश्ती में हरदा के पहलवानों ने दिखाए दमदार दांव पेंच, सांसद खेल महोत्सव का आयोजन

रिपोर्ट तरुण सराफ 
जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा के सहयोग से आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ के अंतर्गत मंगलवार को स्थानीय अरविंद अखाड़े में कुश्ती प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर के लगभग 65 पहलवानों ने भाग लेकर अपने दमखम का प्रदर्शन किया। ब्लॉक समन्वयक सलमा खान ने बताया कि प्रतियोगिता में नीमगांव, सामरधा, रेवापुर, कोलवा, बेड़ी, बेड़ागांव, ऐड़ाबेड़ा, जामली, हरदाखुर्द, नहालखेड़ा, रायनाखेड़ी, छिदगांवतमोली, मानपुरा अखाड़ा, गुप्तेश्वर व्यायामशाला और अरविंद अखाड़े के पहलवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, नितेश बादर, विजय जाट, क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट और ब्लॉक समन्वयक सलमा खान द्वारा अखाड़े की पूजन एवं खिलाड़ियों से परिचय के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कुश्ती कोच अरविंद विश्नोई, संदीप जाट, मोनिका मेहता, राहुल विश्नोई, धर्मेंद्र विश्नोई, कन्हैयालाल विश्नोई, शांतिलाल विश्नोई, और नौशाद खान ने निष्पक्ष निर्णायक की भूमिका निभाई और प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। इस दौरान हरनारायण विश्नोई और अभिषेक विश्नोई भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में 60 किलोग्राम में वैदिक विश्नोई, 65 किलोग्राम में वंशिका विश्नोई तथा 56 किलोग्राम में दिव्यांशी जाट विजेता रहीं। इसी प्रकार बालक वर्ग 57 किग्रा में आर्यन जाट विजेता व मुजीब खान उपविजेता, 65 किग्रा में फैजान खान विजेता व तंजीम खान उपविजेता, 74 किग्रा में अजरूद्दी खान विजेता व सोहेल खान उपविजेता, 86 किग्रा में राहुल जाट विजेता व माधव विश्नोई उपविजेता तथा 90 किग्रा में देवेंद्र विश्नोई विजेता व आलोक विश्नोई उप विजेता रहे। सभी विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को समापन अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री व क्षेत्रिय सांसद डी.डी. उइके द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

Tuesday, December 9, 2025

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा हरदा जिले का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण सम्पन्न


रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन मिथिलेश कुमार शुक्ला द्वारा दिनांक 8 एवं 9 दिसम्बर 2025 को जिला हरदा पुलिस बल का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, अनुशासन, जनसेवा, उपकरणों की उपलब्धता तथा अधीनस्थ इकाइयों के रखरखाव की विस्तृत समीक्षा की गई।
पहला दिवस –8 दिसम्बर 2025 को पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय हरदा का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयीन शाखाओं के रिकार्ड, लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, तकनीकी शाखा तथा जनसेवा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
दूसरा दिवस –9 दिसम्बर 2025 को
दूसरे दिन पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन हरदा में आयोजित वार्षिक निरीक्षण परेड की सलामी ली। परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन प्रदर्शित करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों को उचित पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत पुलिस लाइन परिसर, शस्त्रागार, एम.टी. शाखा, वाहनों की स्थिति तथा रख–रखाव रजिस्टरों का गहन निरीक्षण किया गया। महानिरीक्षक द्वारा पुलिस लाइन में दरबार आयोजित कर अधिकारी/कर्मचारियों व उनके परिवारजनों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए गए। थानों एवं अनुभाग का निरीक्षण पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थाना कोतवाली हरदा का वार्षिक निरीक्षण कर अपराध रिकार्ड, केस डायरी, लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति तथा थाना प्रबंधन का मूल्यांकन किया गया और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अनुभाग टिमरनी का भी वार्षिक निरीक्षण किया गया।
महत्वपूर्ण निर्देश दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान आई.जी. ने जिले की कानून–व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा पुलिस की जनसुलभ छवि को और अधिक मजबूत करने हेतु महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश जारी किए।

Saturday, December 6, 2025

होमगार्डस् तथा नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न


रिपोर्ट तरुण सराफ 
होमगार्ड स्थापना दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन शनिवार को होमगार्ड कार्यालय परिसर मे किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री शंशाक तथा विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने का ए.एस.आई. उमेश खले ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। परेड कमाण्डर शिवराज चौधरी प्लाटून कमाण्डर द्वारा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। कार्यक्रम में होमगार्ड बल के दो प्लाटून तथा एक प्लाटून सिविल डिफेन्स द्वारा मार्च पास्ट किया गया। प्रथम प्लाटून का नेतृत्व हवलदार स्टोरमेन दीपक ठाकुर, द्वितीय प्लाटून का नेतृत्व संतोष ओझा सैनिक एवं तृतीय सिविल डिफेन्स प्लाटून का नेतृत्व प्रेमेन्द्र साकल्ले द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा अधिकारी कर्मचारी व जवानों के मेधावी छात्र छात्राओं को मुख्यालय से प्रदाय प्रशसित पत्र एवं पुरुस्कार राशि के चेक वितरित किये गये। इस दौरान अतिथियों द्वारा आपदा प्रबंधन प्रदर्शन का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर अधिकारी, कर्मचारी, जवान, सिविल डिफेन्स व उनके परिवार के सदस्यों ने खेलकुद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान रस्साकसी, मटकी फोड़, कुर्सी दौड़ जैसे खेलों का आयोजन किया गया। रस्साकसी मे सिविल डिफेन्स के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को शिल्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में होमगार्ड जवान एवं उनके परिवार के बच्चों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं अन्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Monday, December 1, 2025

हरदा की डाली विश्नोई ने देश के लिए जीते दो गोल्ड मेडल

रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा जिले के अबगांवकलां गांव निवासी एक बेटी ने सोमवार को हरदा जिले के नाम प्रदेश और देश ही नहीं विदेशी की धरती पर भी गर्व से बुलंद कर दिया है। 28 से 30 नवंबर 2025 तक न्यू टिहरी, उत्तराखंड में आयोजित प्रेसीडेंट कप ओपन इंटरनेशनल कयाकिंग और कैनोइंग स्प्रिट प्रतियोगिता (के- 2 व के-4) में देश के लिए दो गोल्ड मेडल (स्वर्ण पदक) जीते हैं। अबगांवकलां के किसान महेश विश्नोई की बेटी डाली विश्नोई ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है। खेल के मैदान में गति, हौसले और शानदार प्रदर्शन ने इस प्रतिस्पर्धी मुकाबले में मप्र के श्रेष्ठता साबित हुई है। वर्तमान में डाली विश्नोई मप्र सरकार की भोपाल टीटी नगर स्थित खेल अकादमी में रहकर खेल का अभ्यास कर रही है। वह पिछले एक माह से उत्तराखंड के टिहरी में रहकर अंतरराष्ट्रीय खेल के लिए अपना प्रदर्शन कर रही है। डाली की इस उपलब्ध पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग मप्र के संचालक राकेश गुप्ता ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हरदा की बेटी डाली विश्नोई को बधाई और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। गौरतलब है कि टिहरी झील में आयोजित इंटरनेशनल प्रेसीडेंट कप-2025 एवं चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप-2025 में विभिन्न 22 देशों के 300 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण रही।

जन्मदिन पर व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के बीच सहयोग की पहल

    धनगांव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सर्वोद्धार इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मध्य प्रदेश के प्र...