Wednesday, September 30, 2026

निमाड़ी लोकगायन और लोक-जनजातीय नृत्यों से सजा ‘खेती खेड़ो हरिनाम की’ उत्सव

रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, हरदा के सहयोग से मेला ग्राउंड, चारूवा में आयोजित दो दिवसीय ‘खेती खेड़ो हरिनाम की’ उत्सव के पहले दिन बुधवार को निमाड़ी लोककला और जनजातीय संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:30 बजे हुआ।
कार्यक्रम में विकास शुक्ला एवं साथी द्वारा निमाड़ी लोकगायन की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही गोपाल कोरकू एवं साथी ने कोरकू जनजातीय ‘ढांढल’ नृत्य, तरुण बांके एवं साथी ने गणगौर नृत्य, रामदास साक्कले एवं साथी ने काठी नृत्य तथा अविनाश धुर्वे एवं साथी ने गोंड जनजातीय ‘ठाठ्या’ नृत्य प्रस्तुत किया। लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को निमाड़ी लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया।
आयोजन का उद्देश्य निमाड़ एवं आसपास के क्षेत्रों की लोक एवं जनजातीय कलाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही पारंपरिक कला, गायन, नृत्य और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
आज संत सिंगाजी के जीवन पर आधारित नृत्य-नाट्य की प्रस्तुति
उत्सव के दूसरे दिन 1 अक्टूबर को संत सिंगाजी के जीवन एवं सांस्कृतिक अवदान पर केंद्रित विशेष नृत्य-नाट्य प्रस्तुति ‘खेती खेड़ो हरि नाम की’ का मंचन किया जाएगा। प्रस्तुति का निर्देशन चंद्रमाधव बारिक, संगीत कुलदीप सारवा तथा लेखन डॉ. श्रीराम परिहार एवं योगेश त्रिपाठी ने किया है। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से प्रारंभ होगा।

Saturday, September 26, 2026

चल समारोह में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा : कोशिश पर्यावरण टीम नीमगांव ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक कार्यक्रम चलाया। टीम के मप्र प्रभारी शांतिलाल विश्नोई ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण विद् खमुराम विश्नोई जोधपुर के नेतृत्व में शहर में गणेश प्रतिमाओं के चल समारोह में शुक्रवार देर रात तक अपनी सेवाएं दी। उनके अलावा पर्यावरण सेवक विष्णु जानी नीमगांव ने भी गले और हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां थामी। लोगों को प्लास्टिक से दूर रहने और कपड़े के बैग का उपयोग करने प्रेरित किया। टीम ने सड़क पर बिखरे प्लास्टिक कचरे को जमा किया। लोगों को खुले स्थान की जगह डस्टबिन में कचरा डालने की समझाइश दी। लोगों ने इस पहल की सराहना की।

हरदा में निमाड़ की कलाओं का दो दिवसीय ‘खेती खेड़ो हरि नाम की.’ उत्सव का होगा आयोजन

रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा लोक एवं जनजातीय संस्कृति की विविध परंपराओं को मंच देने के उद्देश्य से हरदा जिले में ‘खेती खेड़ो हरि नाम की..’ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन हरदा के सहयोग से जिले में चारूवा और सोडलपुर में दो-दिवसीय आयोजन होंगे। इनमें लोक गायन, जनजातीय नृत्य और पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी। चारूवा के मेला ग्राउंड में 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में निमाड़ी गायन, कोरकू जनजातीय ढांढल नृत्य, गणगौर नृत्य, काठी नृत्य और गोंड जनजातीय ठाट्या नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं 1 अक्टूबर को ‘खेती खेड़ो हरि नाम की..’ नृत्य-नाट्य प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद 10 एवं 11 अक्टूबर को सोडलपुर स्थित श्री कान्हा बाबा मंदिर परिसर में आयोजन होगा। 10 अक्टूबर को निमाड़ी गायन, देव भीलट गायन, कोरकू जनजातीय गदली, डंडा नृत्य, काठी नृत्य और गणगौर नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी तथा 11 अक्टूबर को नृत्य-नाट्य ‘खेती खेड़ो हरि नाम की..’ का मंचन किया जाएगा। नृत्य-नाट्य के निर्देशक चंद्रमाधव बारिक, भोपाल, लेखक योगेश त्रिपाठी, रीवा और संगीतकार कुलदीप सारवा, दुर्ग हैं।

पहलवानों ने राज्य स्तर पर जीते मेडल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम-फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन पद्धति में हुए मैच, अखाड़ा में नियमित कर रहे अभ्यास

हरदा :जबलपुर में 20 सितंबर से 24 सितंबर तक हुई 70वीं राज्य शाला कुश्ती प्रतियोगिता में हरदा के कई पहलवानों ने नया रिकार्ड बनाया है। मेडल जीतने के बाद अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। सभी पहलवान इंदौर रोड स्थित अरविंद कुश्ती अखाड़ा में नियमित कुश्ती का अभ्यास कर रहे हैं।अखाड़ा के कोच पहलवान अखिलेश विश्नाेई के मार्गदर्शन में पहलवानों ने कई मैच जीते। उन्होंने बताया कि नीमगांव निवासी पहलवान माधव पिता रामजीवन विश्नोई ने 110 किग्रा वर्ग फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल तथा ग्रीको रोमन कुश्ती में ब्राउंस मेडल जीता। माधव हरदा जिले का एक मात्र पहलवान है, जिसने यह उपलब्धि प्राप्त की है। आगामी माह अक्टूबर में नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम के कप्तान के रूप में पहलवान माधव प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह हरदा जिले के लिए गौरव का विषय होगा। इसी तरह छिड़गांव निवासी पहलवान मंगल पिता सतीश विश्नोई ने भी इस प्रतियोगिता में 92 किग्रा वर्ग फ्री स्टाइल पद्धति में सिल्वर तथा ग्रीको रोमन में ब्राउंस मेडल जीता। 86 किग्रा फ्री स्टाइल पद्धति में रान्याखेड़ी निवासी पहलवान लकी पिता वंशीलाल विश्नोई ने सिल्वर तथा ब्राउंस मेडल जीता। इसी तरह रान्याखेड़ी निवासी पहलवान दर्शिक पिता वंशीलाल विश्नोई ने 71 किग्रा वर्ग में ब्राउंस मेडल भी जीता है। कोलवा निवासी पहलवान रुद्र पिता दिलीप विश्नोई ने 88 किग्रा वर्ग में ब्राउंस मेडल जीता है। प्रतियोगिता में कोलवा निवासी पहलवान प्रशांत पिता रूपेश जाट ने 70 किग्रा वर्ग में ब्राउंस मेडल जीता है। जिला ओलंपिक खेल संघ के जिलाध्यक्ष संदीप पटेल ने कहा कि कुश्ती पहलवान रोज नया रिकार्ड बना रहे हैं। उपलब्धि पर एनआइएस कोच अर्पित विश्नोई, महेद्र पहलवान, देवेंद्र पहलवान, राहुल पहलवान, विश्वजीत पहलवान, शांतिलाल गोदारा, कौशल पंवार, अभिषेक कालीराणा, बबलू पटेल, शांतिलाल लोल, कन्हैया पटेल, सूरज पंवार, नवीन सारन, पंकज जाट, लोकेश कालीराणा आदि ने हर्ष जताया।

Tuesday, September 22, 2026

हरदा सिविल लाइन थाना की बड़ी कार्रवाई,38 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आदतन अपराधी गिरफ्तार,कार जप्त

रिपोर्ट तरुण सराफ 
पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक द्वारा अवैध नशे के कारोबारियों के विरूध्द प्रभावी कार्यवाही करने के दिशा निर्देश प्रदान किये गये है इसी तारतम्य मे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा एवं एसडीओपी हरदा शालिनी परस्ते के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाईन आर.एस.तिवारी व्दारा अवैध मादक पदार्थों की रोक थाम हेतु चलाये गये अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही में महत्वपूर्ण सफलता मिली है ।  

घटना का विवरण --
थाना सिविल लाईन हरदा मे दिनांक 22.09.26 को अवैध मादक पदार्थो की धरपकड़ के दौरान मुखबीर की सुचना पर यात्रा प्रतिक्षालय हरदा खुर्द में छोटी हरदा अण्डरब्रिज से हण्डिया तरफ से एक नीले रंग की ब्रेजा कार आई जो पुलिस को देखकर रुक गई, हम कार की तरफ बढ़े को नीली ब्रेजा कार के चालक ने कार को यात्री प्रतीक्षालय की ओर मोड़कर हण्डिया तरफ भागने का प्रयास करने लगा । उक्त कार के चालक का आचरण संदिग्ध होने से कार को हमराह बल के दौडकर रुकवाया जिसमें आगे ड्रायविंग सीट पर चालक और पीछे की सीट पर दो व्यक्ति बैठे हुए थे जिनकी कार को रोड के किनारे लगवाकर तीनो व्यक्तियो को कार से नीचे उतरवाकर उनके नाम पूछे जो चालक ने अपना नाम आदर्श पिता संतोष राजपूत उम्र 24 साल निवासी देव कालोनी हरदा, पीछे बैठे व्यक्तियो ने अपने नाम शाफैशल उर्फ सानू पिता अख्तर खान उम्र 38 साल निवासी गढ़ीपुरा हरदा और रामभरोस उर्फ राहुल पिता गेंदालाल मीना उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम झालवा हाल निवासी हरिओम नगर सांई मंदिर के पास हरदा बताया ।
जिनसे कार को मोड़कर भागने का कारण पूछा तो सानू खान ने डरी सहमी आवाज मे बोला साहब हमारे पास एमडी रखी है। बिजली के पर्याप्त प्रकाश मे रामभरोस मीणा, सानू खान और चालक आदर्श राजपूत की बारी बारी तलाशी लेने पर उसके पास कोई अवैध वस्तु नही मिली फिर नीली विटारा ब्रेजा कार क्रमांक DL 2 CAX 9118 की तलासी लेने पर पीछे की सीट पर बैठने वाली और टिकने वाली सीट के बीच में एक प्लास्टिक की पन्नी में हल्का भूरा हल्का गीला अवैध मादक पदार्थ एमडी कुल बरामद मादक पदार्थ एम डी 38.15 ग्राम कीमती करीबन 7,60,000/- रूपये की होना पाया गया एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए आरोपियो शाफैशल उर्फ सानू, रामभरोस उर्फ राहुल मीना और आदर्श राजपूत से बरामद मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) एवं नीली विटारा ब्रेजा कार क्रमांक DL 2 CAX 9118 विधिवत जप्त किया गया। आरोपियो को गिरफ्तार किया इनके विरूद्ध अपराध धारा 8/22 एनडीपीएस का पंजीबध्द कर विवेचना मे लिया गया ।
पुलिस अधीक्षक, हरदा के नेतृत्व में अवैध नशे के कारोबारियों के विरुध्द कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ एम डी 38.15 ग्राम कीमती करीबन 7 लाख 60 हजार रूपये की तथा परिवहन में प्रयुक्त कार कीमती 4 लाख रुपए कुल कीमती 11 लाख 60 हजार रुपए का मालमश्रुका किया गया जप्त,
आरोपियों के विरूद्ध पूर्व से ही दर्ज है अपराधिक प्रकरण

सराहनीय योगदान - उक्त कार्यवाही में निरीक्षक आर एस तिवारी, थाना प्रभारी सिविल लाईन, उपनिरीक्षक पुरूषोत्तम गौर, प्रआर 259 कमलेश , आर 326 वीरेन्द्र, आर मनोज दौहरे सायबर सेल, सैनिक सुरज पासी की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

Monday, September 21, 2026

खेजड़ली बलिदानियों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की


हरदा :शिक्षा, व्यापार, नौकरी, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्र में इंदौर में रहकर कार्यरत हरदा विश्नोई समाज के विभिन्न लोगों ने सोमवार को इंदौर बिचौली हप्सी स्थित शहीद मां अमृता देवी उद्यान में कार्यक्रम आयोजित किया। अखिल भारतीय विश्नोई युवा संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीमगांव निवासी सुहागमल पंवार ने बताया कि खेजड़ली बलिदान दिवस के अवसर पर इंदौरी बिश्नोई के ग्रुप के सदस्यों ने उद्यान पहुंचकर खेजड़ली के पेड़ों को कटने से बचाने के लिए प्राण न्योछार करने वाले 363 शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी युवाओं ने मां अमृता देवी विश्नोई सहित सभी बलिदानियों को नमन किया। पर्यावरण बचाने के लिए दिए गए उनके महान योगदान को विश्व में अद्वितीय बताया। सभी युवाओं ने इस अवसर पर संकल्प भी लिया कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करेंगे। अधिक से अधिक पौधारोपण करेंगे तथा उनका संरक्षण भी करेंगे। अंत में मां अमृता देवी विश्नोई सहित अन्य बलिदानियों के जयकारों के साथ कार्यक्रम समाप्त किया गया।

Thursday, September 17, 2026

पौधे लगाकर प्लास्टिक का उपयोग न करने की समझाइश दी

रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा : कोशिश पर्यावरण टीम नीमगांव ने गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अलख जगाई। टीम के मप्र प्रभारी शांतिलाल विश्नोई ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी टीम ने घंटों सेवाएं दी। पौधारोपण कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण विद खमुराम विश्नोई जोधपुर के नेतृत्व में निश्शुल्क तांबे के लोटों से जल सेवा एवं कार्यक्रम में लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने सहित सिंगल यूूज प्लास्टिक का उपयोग न करने जागरूक किया गया। लोगों से कहा कि कपड़े के बैग लेकर बाजार जाना चाहिए। किसी भी प्रकार का कचरा डालने के लिए डस्टबिन का उपयोग किया जाए। कार्यक्रम में टीम प्रभारी शांतिलाल विश्नोई सहित पर्यावरण सेवक सुंदरलाल विश्नोई मिर्जापुर, कृष्णचंद्र पांडे सहित समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Tuesday, September 8, 2026

अवैध शराब के कारोबार पर हरदा पुलिस का शिकंजा एक सप्ताह में 44 प्रकरण दर्ज, 535.63 लीटर अवैध शराब जब्त, 47 आरोपी गिरफ्तार


रिपोर्ट तरुण सराफ 
हरदा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं संग्रहण के खिलाफ हरदा पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत कुल 44 प्रकरण दर्ज कर 47 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से कुल 535.63 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्रवाई में धारा 34(1) के तहत 39 प्रकरणों में 39 आरोपियों से 226.63 लीटर तथा धारा 34(2) के तहत 05 प्रकरणों में 08 आरोपियों से 309 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
*थाना-वार कार्यवाही*
• थाना कोतवाली: धारा 34(1) के तहत 07 प्रकरण, 38 लीटर शराब जब्त एवं 07 आरोपी गिरफ्तार।
• थाना सिविल लाइन: धारा 34(1) के तहत 06 प्रकरण, 25.43 लीटर शराब जब्त एवं 06 आरोपी गिरफ्तार।
• थाना छीपाबड़: धारा 34(1) के तहत 03 प्रकरण, 44 लीटर शराब जब्त एवं 03 आरोपी गिरफ्तार। वहीं धारा 34(2) के तहत 01 प्रकरण, 62 लीटर शराब जब्त एवं 01 आरोपी गिरफ्तार।
• थाना सिराली: धारा 34(1) के तहत 08 प्रकरण, 47.94 लीटर शराब जब्त एवं 08 आरोपी गिरफ्तार।
• थाना हंडिया: धारा 34(1) के तहत 06 प्रकरण, 37.28 लीटर शराब जब्त एवं 06 आरोपी गिरफ्तार। वहीं धारा 34(2) के तहत 02 प्रकरणों में 126 लीटर शराब जब्त कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
• थाना टिमरनी: धारा 34(2) के तहत 02 प्रकरणों में 121 लीटर शराब जब्त कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
• थाना रहटगांव: धारा 34(1) के तहत 09 प्रकरण, 33.98 लीटर शराब जब्त एवं 09 आरोपी गिरफ्तार।
*अवैध शराब के नेटवर्क पर पुलिस की नजर*
हरदा पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं संग्रहण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल अवैध शराब जब्त करना ही नहीं, बल्कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है। जिले में अवैध शराब के संभावित ठिकानों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
हरदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अवैध रूप से शराब का विक्रय, परिवहन या संग्रहण करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचता, परिवहन करता अथवा संग्रहित करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

जन्मदिन पर व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के बीच सहयोग की पहल

    धनगांव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सर्वोद्धार इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मध्य प्रदेश के प्र...