रिपोर्ट तरुण सराफ
हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के गुरूवार को जिले के वनग्रामों के भ्रमण के दौरान ग्राम टेमरूबहार के शासकीय स्कूल के अध्यापक दीपक कुमार ठाकुर उस समय अचंभित हो गये, जब उनके पढ़ाए हुए विद्यार्थी बलवंत सिंह पटेल सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक के रूप में स्कूल पहुँचे। डीपीसी बलबंत सिंह पटेल अपने अध्यापक को तो नहीं पहचान सके परन्तु शिक्षक दीपक कुमार ठाकुर ने उनको पहचाना और बताया कि माध्यमिक कक्षाओं में नर्मदापुरम जिले में मालनवाड़ा में उनके द्वारा बलवंत सिंह पटेल को शिक्षा प्रदान की गई है। जब गुरू और शिष्य ने एक दूसरे को पहचाना तो भावुक हो गये। दोनों ने यह जानकारी कलेक्टर को दी। कलेक्टर ने शिक्षक दीपक कुमार ठाकुर के अध्यापन कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की।