रिपोर्ट तरुण सराफ
रक्षा बंधन भाई और बहन के प्रेम का त्यौहार है जिसमें बहन भाई के हाथों में रक्षा सूत्र बांधती है और भाई बहन की रक्षा का वचन देता है। मगर यह ज़रूरी है कि रक्षा के वचन को पूर्ण करने के लिए भाई को सुरक्षित रहना होगा। वर्तमान परिदृश्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली वृद्धि और दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु संख्या को देखते हुए रक्षा बंधन के पुनीत पर्व पर यातायात पुलिस हरदा का अभियान त्यौहार पर बहनों को ले जा रहे भाइयों पर केंद्रित रहा। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का अनूठा संगम हरदा में देखने को मिला। यातायात पुलिस हरदा द्वारा एक विशेष पहल के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे भाइयों को सुरक्षा का संदेश देते हुए “हेलमेट रूपी रक्षा सूत्र” पहनाया गया। यातायात विभाग की इस अनूठी पहल के तहत बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चला रहे भाइयों को समझाया गया कि बहनों की रक्षा का वचन तभी पूरा हो सकता है जब आप सुरक्षित हों लेकिन बिना हेलमेट आप खुद ही सुरक्षित नहीं है।
इसके पश्चात यातायात थाना प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर द्वारा 30 हेलमेट निःशुल्क प्रदान कर बहनों से भाइयों को हेलमेट रूपी रक्षा सूत्र पहनवाया गया और भाई से शपथ कराई गई कि मैं हेलमेट पहन कर सदैव सुरक्षित वाहन चलाऊंगा ताकि अपने रक्षा के वचन को निभा सकूं।