प्रगति मैदान में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित 44वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में हरदा जिले के उत्पादों ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, हरदा द्वारा चिल्लौरी आइटम्स से संबंधित स्थानीय उत्पादों का नाम प्रदर्शनी हेतु प्रस्तावित किया गया था, जिसे राज्य स्तरीय समिति द्वारा चयनित किया गया।
मेला प्रबंधन द्वारा हरदा जिले की चिल्लौरी आइटम्स को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के माध्यम से 20 नवंबर से 27 नवंबर 2025 तक निःशुल्क स्टॉल प्रदान किया गया है। इस स्टॉल में चिल्लौरी आइटम्स, हरदा की उद्यमी वर्षा सोलंकी द्वारा बनाए गए हैंड पेंटेड बेस एवं महुआ के लड्डू को प्रदर्शित किया जा रहा है।
हरदा जिले के पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध होने से स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। जिले के उत्पादों को मिल रही यह पहचान आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।