रिपोर्ट तरुण सराफ
शहर में पुलिस की उपस्थिति को प्रभावी बनाए रखने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से हरदा में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री शशांक द्वारा किया गया, एवं जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रशासनिक समन्वय को और सशक्त किया।
फ्लैग मार्च में जिला प्रशासन एवं पुलिस के समन्वय के तहत जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के सभी थानों के थाना प्रभारी तथा लगभग 400 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण बनाना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना रहा कि जिला प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः तत्पर है।
फ्लैग मार्च पुलिस कंट्रोल रूम हरदा से प्रारंभ होकर नारायण टॉकीज, चांडक चौक, घंटाघर, जैसानी चौक, टांक चौराहा, परशुराम चौराहा, सब्जी मंडी, अंबेडकर चौराहा होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम हरदा पहुंचकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में कानून-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आम नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखें।