हरदा :पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव ने शहर में आयोजित कार्यक्रम में अपनी निश्शुल्क सेवाएं दी। रविवार को मां शारदा विद्या मंदिर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान कोशिश पर्यावरण सेवक टीम के मप्र प्रभारी व अन्य पर्यावरण सेवकों ने घंटों अपनी सेवाएं दी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों को तांबे के लोटों से जलपान कराया गया। तांबे के लोटे से पानी पीने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि लोग जागरूक हो सकें। कोशिश पर्यावरण सेवक टीम नीमगांव के मध्यप्रदेश प्रभारी शांतिलाल सारन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद् व टीम के राष्ट्रीय प्रभारी खमुराम विश्नोई के नेतृत्व में पूरे जिले पर्यावरण संरक्षण व जागरूगता अभियान चलाए जा रहे हैं। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने के लिए लोगों से आह्वान किया गया। टीम के मप्र प्रभारी सारन ने लोगों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक मानव समाज तथा पर्यावरण के लिए जहर के समान है। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने जागरूक किया गया। पूरे कार्यक्रम को सिंगल यूज प्लास्टिक से पूरी तरह मुक्त रखा गया। आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन के दौरान टीम के मप्र प्रभारी शांतिलाल सारन विश्नोई, हरिदास झूरिया नीमगांव तथा विष्णु जानी नीमगांव ने निश्शुल्क सेवाएं दी।
टीम अपनी शर्त पर देती है सेवाएं :
टीम प्रभारी सारन ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली उनकी टीम सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक सहित अन्य कार्यक्रमों में अपनी शर्तों पर पूरी तरह निश्शुल्क सेवाएं देती है। शर्त का उल्लेख करते हुए टीम प्रभारी ने कहा कि जो भी कार्यक्रम हो वह पूरी तरह नशे से मुक्त होना चाहिए, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए तथा जूठन मुक्त करने के लिए सहयोग करना चाहिए। टीम इन्हीं शर्तों पर किसी भी कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी निश्शुल्क सेवाएं देती है ताकि लोगों को प्रेरणा मिल सके।