Saturday, March 8, 2025

सभी त्यौहारों को पारम्परिक हर्षाेल्लास व आपसी सद्भाव के साथ मनाएं कलेक्टर ने शांति समिति की बैठक में नागरिकों से की अपील

हरदा तरुण सराफ 
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक शनिवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने समिति के सदस्यों व उपस्थित गणमान्य नागरिकों से अपील की कि सभी धार्मिक पर्व आपसी सद्भाव और मेलजोल के साथ परंपरागत ढंग से मनाए जाएं। आगामी दिनों में होली, रंगपंचमी, नवरात्री, ईद-उल-फितर व गणगौर उत्सव को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजेश्वरी महोबिया व श्री आर.डी. प्रजापति एवं जिले के राजस्व अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सभी को आगामी दिनों में मनाया जाने वाले त्यौहारों की अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होने कहा कि ये हम सबका दायित्व होगा कि जिले में सभी त्यौहार शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में बने। उन्होने कहा कि ये त्यौहार हमे एक साथ जुड़ने का मौका देते है। सभी समुदाय के लोग त्यौहार का आनन्द ले सके, जिले में ऐसी व्यवस्था बनी रहना चाहिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में नगर पालिका हरदा के अधिकारियों को त्यौहारों के अवसर पर शहर में पेयजल एवं साफ-सफाई व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित किया कि त्योहारों के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में नगर पालिका के सीएमओ को होली के अवसर पर अतिरिक्त जल प्रदाय करने के निर्देश बैठक में दिये। उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अजनाल नदी के घाटों की साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को वाहन चलाने हेतु नहीं दें। होलिका दहन के दौरान सार्वजनिक सम्पत्ति सुरक्षित रहे, इसका ध्यान रखा जावे। कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एच.पी. सिंह को निर्देशित किया कि जिले के सभी चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जावे ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि होलिका दहन का स्थान चिन्हांकित कर लें और सुनिश्चित कर ले कि विद्युत लाईन के नीचे होलिका दहन न हो और होलिका दहन से सड़क को नुकसान न पहुंचे। उन्होने निर्देशित किया कि नगर पालिका, बिजली विभाग व स्वास्थ्य विभाग के एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी कंट्रोल रूम में लगाई जाए। उन्होने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि हरे वृक्षों को होलिका दहन के लिये न काटने हेतु लोगों को जागरूक किया जाए।
      
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे ने बताया कि विद्युत लाईन पर गीले कपड़े, टायर आदि फेंकने, मोटर सायकिलों पर 3 सवारी बैठने, नशाखोरी करने वालों पर पुलिस प्रशासन पैनी नजर रखकर कार्यवाही करेगा। एसपी श्री चौकसे ने निर्देशित किया कि नर्मदा व अजनाल नदी के घाटों पर पुलिस व होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होने बताया कि होली व रंगपंचमी त्यौहारों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर नज़र रखें, और किसी भी प्रकार की अफवाह न फैले यह सुनिश्चित किया जाए।

जन्मदिन पर व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षा और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों के बीच सहयोग की पहल

    धनगांव। सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए सर्वोद्धार इंडिया फाउंडेशन के डायरेक्टर एवं मध्य प्रदेश के प्र...