रिपोर्ट तरुण सराफ
शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर आज हरदा पुलिस लाईन में शहीदों को नमन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक श्री शशांक, तथा माननीय न्यायाधीशगणों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के अमर बलिदान को याद किया।
शहीदों के सम्मान में आयोजित समारोह में पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं परेड का आयोजन किया गया। रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर के निर्देशन में पुलिस जवानों ने बंदूक झुकाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन एसआई प्रियंका पाठक ने किया।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने शहीदों के परिजनों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर माननीय न्यायाधीशगण, एसडीओपी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने इस अवसर पर कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में भारतीय पुलिस बल के जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके अदम्य साहस और देशभक्ति की स्मृति में प्रत्येक वर्ष यह दिवस पुलिस शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर में 191 पुलिसकर्मी कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए हैं, जिनमें 11 मध्यप्रदेश के हैं।
कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जिनमें शहीद इलाबसिंह पटेल के बड़े भाई गुमर सिंह पटेल तथा शहीद दीपसिंह चौहान के बड़े भाई अनारसिंह चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।